Helpline +919415567039 || au.up@smarthindustan.news

Updated Sun, 02 May 2021 11:35 PM

बिना आक्सीजन बहन ने भाई के सामने तड़प-तड़प कर तोड़ा दम

संवाद सूत्र, रुरुगंज (औरैया) : बिना ऑक्सीजन बहन ने भाई की आंखों के सामने ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। बेबस भाई औरैया से कानपुर तक बहन को लेकर दौड़ता रहा पर हर जगह उसे निराशा ही मिली। उसकी चीखें सुनकर सभी की आंखें नम हो गई। जिले में पहले भी बिना ऑक्सीजन कई की जान जा चुकी है। कुदरकोट निवासी एक युवक की बहन एक सप्ताह से बीमार थी। उसका ऑक्सीजन लेवल लगातार गिर रहा था। ऑक्सीजन सिलिंडर नहीं मिलने से बुधवार को ज्यादा हालात बिगड़ने पर उसने औरैया और कानपुर के अस्पतालों में दौड़ लगाई। कोविड हॉस्पिटल लेकर भी पहुंचा पर उसे ऑक्सीजन नहीं मिल सकी। थक हारकर घर लौटा तो शुक्रवार तड़के बहन ने उसके सामने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। बता दें कि ऑक्सीजन नहीं मिल पाने के कारण एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी की भी मौत हो चुकी है। एसीएमओ डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि कोई ऐसा मामला संज्ञान में नहीं आया है। प्रत्येक मरीज को अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। ऑक्सीजन पर्याप्त है। किसी स्वास्थ्य कर्मी ने अगर हॉस्पिटल में भर्ती करने से मना किया होगा तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

मतगणना के मद्देनजर जिलेभर में कड़ी किलेबंदी

जागरण संवाददाता, औरैया: रविवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिलेभर में कड़ी किलेबंदी कर दी गई है। मतगणना को लेकर चुनाव पर्यवेक्षक ने शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की। इसके अलावा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं परखी। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है। मतगणना को लेकर प्रशासन ने एक दिन पहले ही तैयारियां पूरी कर ली थी। मतगणना के दौरा पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। रविवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। राउंडवार नतीजे सुनाए जाएंगे। मतगणना से एक दिन पहले पर्यवेक्षक दिवाकर कुमार जिले में पहुंचे। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार वर्मा के अलावा अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए मतगणना कार्य संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद उन्होंने शहर के मतगणना स्थल तिलक महाविद्यालय पहुंच कर व्यवस्थाएं परखी। जिम्मेदारों को सख्त निर्देश दिए। पर्यवेक्षक दिवाकर कुमार ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों को भी दिशा-निर्देश दिए।

धूप-छांव के बीच 39 डिसे पहुंच गया अधिकतम तापमान

जागरण संवाददाता, औरैया: मौसम में रोजाना कुछ न कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गर्म हवा के साथ-साथ पूर्वाह्न बाद लू चलने से दिक्कतें बढ़ रही हैं। शनिवार को पूरे दिन धूप-छांव रही। जिस कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस(डिसे) जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिसे मापा गया। वहीं सुबह करीब साढ़े 10 बजे से दोपहर दो बजे तक धूप तेज रही। जिस कारण बेजुबान भी परेशान नजर आए। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा। तपिश के बाद आंधी व बारिश की भी संभावना है।